भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं पर आधारित हिंदी फिल्म ‘Krishnavataram Part 1 – The Heart’ को दर्शकों के साथ-साथ देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक जगत में भी खास पहचान मिल रही है। इसी क्रम में मथुरा सांसद और अभिनेत्री Hema Malini ने मथुरा में आयोजित एक विशेष स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म देखी और इसकी पूरी टीम की खुले दिल से सराहना की।
यह विशेष स्क्रीनिंग मथुरा के JV Cinema में आयोजित की गई। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के रूप में विश्वभर में प्रसिद्ध मथुरा में फिल्म की स्क्रीनिंग अपने आप में बेहद भावुक और खास अवसर बन गई।
फिल्म देखने के बाद हेमा मालिनी ने इसकी भव्यता, विजुअल प्रेजेंटेशन और सिनेमाई अनुभव की तारीफ की। उन्होंने कलाकारों के अभिनय, संगीत, हैंड-पेंटेड कॉस्ट्यूम्स और हस्तनिर्मित आभूषणों की भी सराहना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
फिल्म का निर्माण Sajan Raj Kurup ने किया है, जबकि निर्देशन Hardik Gajjar ने संभाला है। फिल्म में Siddharth Gupta भगवान श्रीकृष्ण के किरदार में नजर आ रहे हैं। वहीं Sushmita Bhatt राधा, Nivashini Krishnan रुक्मिणी, Sanskruti Jayana सत्यभामा और J. Karthik सत्राजित की भूमिका निभा रहे हैं।
स्क्रीनिंग के बाद निर्माता साजन राज कुरुप ने बताया कि हेमा जी ने फिल्म के निर्देशन, कलाकारों के अभिनय और बड़े स्तर पर किए गए निर्माण की काफी सराहना की। उन्होंने कहा कि फिल्म देखने के बाद उनके चेहरे पर खुशी और संतुष्टि साफ नजर आ रही थी।
निर्माता ने यह भी साझा किया कि फिल्म की शूटिंग मुख्य रूप से गुजरात में की गई, जिसे भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि माना जाता है। इसके अलावा फिल्म का ट्रेलर श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा में लॉन्च किया गया था। फिल्म की टीम ने बांके बिहारी मंदिर, रमण रेती, राधा रानी मंदिर, प्रेम मंदिर और ISKCON वृंदावन में भी दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
फिलहाल ‘Krishnavataram Part 1 – The Heart’ भारतभर में 1500 से अधिक थिएटर्स में प्रदर्शित हो रही है और 56 देशों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी है। उत्तर प्रदेश में फिल्म को टैक्स-फ्री भी घोषित किया गया है, जिससे इसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता और मजबूत हुई है।

