वेब सीरीज ‘ब्राउन’ में अपने काम से इस साल पहचान बनाने वाली अभिनेत्री और निर्माता वैभवी मल्होत्रा जल्द ही अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रही हैं। वैभवी अगले महीने अपने लंबे समय से साथी रहे अंश बत्रा के साथ शादी करने वाली हैं।
दोनों पिछले सात सालों से एक-दूसरे के साथ हैं। अब उन्होंने अपने रिश्ते को शादी का नाम देने का फैसला किया है। अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए वैभवी कहती हैं, “अंश और मैं बहुत छोटी उम्र में मिले थे। हमारी कहानी की सबसे खास बात यह है कि हम दोनों एक ही कॉलोनी में बड़े हुए, लेकिन कभी एक-दूसरे से नहीं मिले। मेरे 21वें जन्मदिन से कुछ हफ्ते पहले हमारी पहली मुलाकात हुई। उस समय मैंने अपनी पहली फिल्म साइन की थी और मुंबई जाने वाली थी। जिंदगी ने हमारे लिए कुछ और ही सोच रखा था। इसी बीच, जब मेरी जिंदगी में बहुत कुछ नया हो रहा था, अंश मेरी जिंदगी में आए।”
वैभवी को आज भी अपनी पहली मुलाकात याद है। वह बताती हैं कि दोनों पहली बार कार से घूमने निकले थे और उनकी बातचीत तीन घंटे तक चली। इसके बाद उनका रिश्ता आगे बढ़ता गया। वह कहती हैं, “मुझे आज भी हमारा पहला डिनर याद है। हम उस समय बहुत छोटे थे, लेकिन फिर भी परिवार और बच्चों के बारे में बातें कर रहे थे। आज जब मैं उन दिनों को याद करती हूं, तो लगता है कि हम दोनों को पहले से ही पता था कि हमारा रिश्ता कुछ खास है।”
वैभवी अपने काम के लिए मुंबई में रहती थीं, जबकि अंश दिल्ली में नौकरी कर रहे थे। इसके बावजूद दोनों ने कभी दूरी को अपने रिश्ते के बीच नहीं आने दिया। वैभवी कहती हैं, “हमने एक-दूसरे के सपनों और काम को समझना सीखा। एक-दूसरे की सफलता पर खुशी मनाई और दूर रहने के बाद भी हर समय एक-दूसरे का साथ दिया। हमने हमेशा उन बातों को सबसे ज्यादा महत्व दिया जो हमारे लिए जरूरी थीं। हमारे अपने लोग, वह जिंदगी जिसे हम साथ मिलकर बनाना चाहते थे और यह भरोसा कि हमें ऐसा साथी मिल गया है, जिसके साथ घर जैसा सुकून मिलता है।”
शादी से पहले वैभवी और अंश भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद लेने तिरुपति बालाजी मंदिर पहुंचे। वैभवी को भगवान बालाजी में गहरी आस्था है। यह आस्था उन्हें अपने पिता से मिली है। दोनों ने हाल ही में मां पद्मावती देवी के भी दर्शन किए और अपनी आने वाली शादी के लिए मां लक्ष्मी और भगवान नारायण का आशीर्वाद लिया।
