भारतीय फिल्म जगत में नेपोटिज्म यानी भाई-भतीजावाद को लेकर लंबे समय से बहस होती रही है। अब इसी संवेदनशील और चर्चित मुद्दे को एक नए अंदाज में पेश करने आ रही फिल्म ‘जंगलवुड’ अपने दमदार ट्रेलर के कारण सुर्खियों में है। फिल्म में फिल्मी परिवारों से आने वाले कलाकारों और बिना किसी फिल्मी पृष्ठभूमि के अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करने वाले नए कलाकारों के बीच के अंतर को दिखाया गया है।
फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। खासकर युवा दर्शकों के बीच इसकी कहानी, हास्य और बॉलीवुड के पर्दे के पीछे की दुनिया को बेबाक अंदाज में दिखाने की कोशिश को लेकर दिलचस्पी देखी जा रही है। फिल्म ऐसे सवाल उठाती है, जिन पर हिंदी सिनेमा में अक्सर चर्चा तो होती है, लेकिन खुलकर बात कम ही की जाती है।
चांद मोहम्मद के निर्देशन में बनी ‘जंगलवुड’ हास्य और गंभीरता का अनूठा मिश्रण है। यह एक काल्पनिक कहानी है, जिसके माध्यम से फिल्म इंडस्ट्री के भीतर चलने वाले ताकत के खेल, अवसरों की असमानता और पर्दे के पीछे की घटनाओं को मनोरंजक अंदाज में सामने लाने की कोशिश की गई है। ट्रेलर में हास्य, रोमांच, चौंकाने वाले मोड़ और कई दिलचस्प दृश्य देखने को मिलते हैं।
फिल्म को लेकर बढ़ती चर्चा के बीच ब्रिटिश अभिनेता रिज अहमद ने भी इसके ट्रेलर की तारीफ की है। एक स्वतंत्र फिल्म और पहली बार निर्देशन कर रहे निर्देशक के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सराहना खास मानी जा रही है।
फिल्म में शान आर. ग्रोवर मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ आकाश जग्गा, जिनल जैन, निय्या बापलावत, दीपक कालरा सहित कई नए कलाकार नजर आएंगे। फिल्म नए कलाकारों को मंच देने के साथ भारतीय सिनेमा में एक अलग तरह की कहानी पेश करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि ‘जंगलवुड’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी सफल होगी, लेकिन इसके ट्रेलर ने दर्शकों का ध्यान जरूर आकर्षित किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह फिल्म अपनी अलग कहानी और बेबाक प्रस्तुति के दम पर युवा दर्शकों के बीच भारतीय सिनेमा की अगली बड़ी दीवानगी बन पाती है।
