स्टोरी टीवी के माइक्रोड्रामा में प्यार, बदले और रहस्य का रोमांच; करम राजपाल के साथ नजर आ रही हैं न्यारा एम. बनर्जी
अभिनेत्री न्यारा एम. बनर्जी इन दिनों स्टोरी टीवी के माइक्रोड्रामा शो ‘प्रेमकथा’ को लेकर चर्चा में हैं। रोमांस, बदले, जुनून और चौंकाने वाले खुलासों से भरपूर यह शो दर्शकों को एक दिलचस्प कहानी के साथ बड़े पर्दे जैसा सिनेमाई अनुभव देने की कोशिश कर रहा है। शो में न्यारा एम. बनर्जी के साथ अभिनेता करम राजपाल मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि शो के शानदार विजुअल्स और भव्य अंदाज को तैयार करने के लिए टीम ने मशहूर फिल्म निर्माता संजय लीला भंसाली की फिल्मों से प्रेरणा ली है।
शो में न्यारा एम. बनर्जी सेजल का किरदार निभा रही हैं, जो एक खतरनाक डॉन की निडर बेटी है। सेजल की जिंदगी में उस समय नया मोड़ आता है, जब उसे जय से प्यार हो जाता है। जय का किरदार करम राजपाल निभा रहे हैं, जो एक साधारण ट्रक ड्राइवर है और मुश्किल परिस्थितियों में बार-बार सेजल की मदद के लिए आगे आता है।
हालांकि, दोनों की प्रेम कहानी इतनी आसान नहीं है। उनका रिश्ता दो दुश्मन अपराधी परिवारों के बीच खूनी संघर्ष की वजह बन जाता है। कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, कई चौंकाने वाले राज सामने आते हैं। जय की असली पहचान का खुलासा दोनों की जिंदगी को पूरी तरह बदल देता है और कहानी में नए मोड़ लेकर आता है।
‘प्रेमकथा’ के फिल्मी अंदाज और विजुअल्स पर बात करते हुए न्यारा एम. बनर्जी ने बताया कि शो को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए टीम ने संजय लीला भंसाली की फिल्मों के खास अंदाज और ऊर्जा को अपनाने की कोशिश की है।
एक प्रमुख मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में अभिनेत्री ने कहा, “हमने संजय लीला भंसाली की फिल्मों का आकर्षण और उनका खास अंदाज लाने की कोशिश की है। ‘लहू मुंह लग गया’ गाने जैसा अंदाज और उसका प्रभाव दिखाने की कोशिश की गई है। बड़े पर्दे पर दीपिका पादुकोण और वर्टिकल स्क्रीन पर न्यारा—हमने उसी खूबसूरती और एहसास को पर्दे पर उतारने की कोशिश की है।”
उन्होंने आगे बताया कि पूरे शो की शूटिंग इसी सोच और विजुअल अप्रोच के साथ की गई है। न्यारा के मुताबिक, जब वह शो के शॉट्स देखती थीं, तो उन्हें महसूस होता था कि यह प्रोजेक्ट उन्हें एक अलग फिल्मी अंदाज में खुद को देखने का मौका दे रहा है।
अभिनेत्री ने कहा, “जब मैं इसके शॉट्स देखती थी, तो मुझे लगता था कि इस शो ने मुझे दिखा दिया है कि मैं भंसाली की किसी फिल्म में कैसी दिखूंगी। शो को बनाते समय उस स्तर की ऊर्जा और भव्यता लाने के लिए हमने सच में बहुत मेहनत की है।”
बातचीत के दौरान न्यारा एम. बनर्जी ने हल्के-फुल्के और मजाकिया अंदाज में यह भी पूछा, “लग रही हूं कि नहीं मैं दीपिका पादुकोण जैसी?”
उनकी इस टिप्पणी से साफ झलकता है कि अभिनेत्री ‘प्रेमकथा’ में अपने लुक, स्क्रीन प्रेजेंस और किरदार के फिल्मी अंदाज को लेकर उत्साहित हैं। शो में भव्य विजुअल्स, रंगीन माहौल और भावनात्मक उतार-चढ़ाव के जरिए कहानी को प्रभावशाली बनाने की कोशिश की गई है।
‘प्रेमकथा’ छोटे एपिसोड वाले माइक्रोड्रामा फॉर्मेट में पेश किया गया है। इसकी कहानी में प्यार और रोमांस के साथ अपराध, पारिवारिक दुश्मनी, बदला और रहस्य जैसे तत्व शामिल हैं। गुजरात की रंगीन पृष्ठभूमि पर आधारित यह शो दर्शकों को तेज रफ्तार कहानी और सिनेमाई प्रस्तुति का अनुभव देने का प्रयास करता है।
न्यारा एम. बनर्जी और करम राजपाल की मुख्य भूमिकाओं वाला यह शो उन दर्शकों के लिए खास हो सकता है, जिन्हें रोमांटिक कहानियों के साथ एक्शन, रहस्य और पारिवारिक टकराव भी पसंद हैं।
