स्टार प्लस के आगामी शो ‘तारा’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जैसे ही चैनल ने इस शो की घोषणा की और इसके प्रोमो सामने आए, लोगों की दिलचस्पी और भी बढ़ गई है। शो की कहानी और मुख्य कलाकारों कुशाल आहूजा (युवराज) और कनिका कपूर (तारा) की जोड़ी ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
‘तारा’ की कहानी दो ऐसे किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है जो अलग-अलग सामाजिक पृष्ठभूमि से आते हैं, लेकिन उनके बीच का गहरा भावनात्मक रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदल जाता है। यह कहानी हिम्मत, दोस्ती और समाज की बंदिशों के बीच पनपते रिश्तों की एक भावुक और प्रेरणादायक दास्तां को दर्शाती है।
शो में तारा का किरदार निभा रहीं कनिका कपूर ने अपने किरदार और शो को लेकर उत्साह जाहिर करते हुए कहा,
“मैं बेहद खुश हूँ कि ‘तारा’ अब दर्शकों तक पहुंचने जा रहा है। टेलीविजन के पास समाज पर गहरा असर डालने की ताकत होती है। तारा मानसिक रूप से बहुत मजबूत लड़की है। उसने बचपन से ही कई मुश्किलों का सामना किया है, जिसने उसे और भी निडर और समझदार बना दिया है। भगवान पर उसका अटूट विश्वास उसे हर मुश्किल से लड़ने की ताकत देता है।”
कनिका कपूर ने शो में युवराज के साथ अपने किरदार के रिश्ते को भी खास बताया। उन्होंने कहा,
“तारा और युवराज का रिश्ता बेहद खूबसूरत है क्योंकि दोनों साथ ही बड़े हुए हैं। तारा की नानी युवराज के घर काम करती हैं, इसलिए उनकी दोस्ती बचपन से ही भरोसे और अपनापन लिए हुए है। एक बस्ती से शुरू हुआ तारा का यह सफर दर्शकों को प्रेरित करेगा और समाज में मौजूद ऊंच-नीच के भेदभाव को कम करने का संदेश देगा।”
अपने करियर की शुरुआत को याद करते हुए कनिका ने बताया कि उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम स्टार प्लस के रियलिटी शो ‘इंडियाज़ नेक्स्ट सुपरस्टार्स’ से रखा था। उन्होंने कहा कि वह हमेशा इस मंच की आभारी रहेंगी, जिसने उन्हें एक कलाकार के रूप में पहचान और अवसर दिया।
प्यार, संघर्ष और उम्मीद की कहानी ‘तारा’ समाज की बनाई दीवारों को चुनौती देती नजर आएगी। यह नया शो 10 मार्च से हर रात 8 बजे, सिर्फ स्टार प्लस पर प्रसारित किया जाएगा।
