नई दिल्ली भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा के सबसे महान महाकाव्यों में से एक ‘रामायणम्’अब विश्व मंच पर अपनी भव्य उपस्थिति दर्ज कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित मेगा फिल्म ‘रामायणम्’ की वैश्विक यात्रा का औपचारिक शुभारंभ शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह ‘प्रथम संकल्प’के साथ किया गया। यह आयोजन 24 जुलाई को होने वाले फिल्म के विश्वव्यापी ट्रेलर प्रीमियर से पहले आयोजित किया गया, जिसमें फिल्म की पहली विशेष झलक चुनिंदा मेहमानों को दिखाई गई।
यह आयोजन केवल एक फिल्म का प्रमोशनल इवेंट नहीं था, बल्कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सिनेमाई प्रस्तुति के साथ पूरी दुनिया तक पहुंचाने के संकल्प का प्रतीक बन गया। भारत मंडपम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों, कलाकारों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
भारतीय परंपरा में ‘संकल्प’ किसी भी महान कार्य की शुरुआत से पहले लिया जाने वाला पवित्र वचन माना जाता है। इसी भावना को केंद्र में रखते हुए फिल्म की पूरी टीम ने यह संकल्प लिया कि रामायणम् को उसकी मूल भावना, सांस्कृतिक गरिमा और आध्यात्मिक महत्व के साथ विश्वभर के दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।
नई दिल्ली को इस ऐतिहासिक शुरुआत के लिए इसलिए चुना गया क्योंकि यह भारत की राजधानी होने के साथ-साथ उस राष्ट्र का केंद्र है, जिसकी विविध संस्कृति को सदियों से भगवान श्रीराम के आदर्शों ने एक सूत्र में बांध रखा है।
समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण फिल्म के आधिकारिक ट्रेलर की पहली विशेष स्क्रीनिंग रही। हालांकि यह झलक केवल चुनिंदा मेहमानों के लिए थी, लेकिन फिल्म का पूरा ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को दुनिया भर में एक साथ रिलीज किया जाएगा। फिल्म निर्माताओं का दावा है कि यह भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे बड़े वैश्विक ट्रेलर लॉन्च में से एक होगा।
फिल्म के प्रचार को केवल स्टारकास्ट तक सीमित नहीं रखा गया। ‘रामायण स्कूल्स प्रोग्राम’ के माध्यम से देशभर के 500 से अधिक स्कूलों के लाखों बच्चों को रामायण के आदर्शों और मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया। बच्चों ने चित्रकला, लेखन, भाषण और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इन प्रतियोगिताओं के विजेता छात्रों को ‘प्रथम संकल्प’ समारोह में आमंत्रित किया गया। इसके अलावा देश के लगभग 20 शहरों में सैकड़ों बच्चों, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रशंसकों को ट्रेलर की विशेष झलक दिखाने की भी व्यवस्था की गई।
‘प्रथम संकल्प’ कार्यक्रम फिल्म की पूरी स्टारकास्ट का पहला सार्वजनिक मिलन भी बना। इस अवसर पर निर्देशक नितेश तिवारी, निर्माता नमित मल्होत्रा, अभिनेता रणबीर कपूर, अरुण गोविल, रवि दुबे,रकुल प्रीत सिंह, शोभना,कुणाल कपूर,अजिंक्य देव सहित कई कलाकार मौजूद रहे। अभिनेता सनी देओल की सरप्राइज एंट्री ने समारोह का आकर्षण और बढ़ा दिया।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभाएंगी। यश रावण की भूमिका में दिखाई देंगे और वे अपनी कंपनी Monster Mind Creations के माध्यम से फिल्म के सह-निर्माता भी हैं। रवि दुबे लक्ष्मण, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, अरुण गोविल राजा दशरथ, शोभना कैकेयी और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म के निर्माता और क्रिएटिव आर्किटेक्ट नमित मल्होत्रा ने कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों का आधार है। उन्होंने कहा कि दशहरा और दीपावली जैसे पर्व आज भी रामायण के संदेश—सत्य की असत्य पर विजय और धर्म की अधर्म पर जीत—को जीवंत बनाए रखते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय फिल्म उद्योग में काम करने के बाद उनका सपना था कि भारत की सबसे महान कहानी को उसी स्तर की तकनीक और भव्यता के साथ दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाए। उनके अनुसार अब भारत के पास वह प्रतिभा, तकनीक और संसाधन हैं जो इस सपने को साकार कर सकते हैं।
निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा कि रामायण दुनिया की सबसे महान कहानियों में से एक है। इसकी सबसे बड़ी शक्ति इसके शाश्वत जीवन मूल्य हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य कहानी को बदलना नहीं, बल्कि उसे पूरी ईमानदारी, श्रद्धा और प्रामाणिकता के साथ बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करना है।
उन्होंने बताया कि फिल्म के लेखन, अभिनय, संगीत, प्रोडक्शन डिजाइन और विजुअल इफेक्ट्स के हर निर्णय में यही भावना सर्वोपरि रही कि दर्शकों तक रामायण की आत्मा उसी रूप में पहुंचे जैसी सदियों से भारतीय समाज में जीवित है।
Prime Focus Studios, आठ बार अकादमी पुरस्कार विजेता विजुअल इफेक्ट्स स्टूडियो DNEG और Monster Mind Creationsbके सहयोग से बन रही इस फिल्म में हॉलीवुड के ऑस्कर विजेता संगीतकार हैंस ज़िमर और भारत के महान संगीतकार ए.आर. रहमान पहली बार साथ काम कर रहे हैं।
विश्वस्तरीय विजुअल इफेक्ट्स, भव्य सेट, आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीम के कारण ‘रामायणम्’ को भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल माना जा रहा है।
‘प्रथम संकल्प’ के साथ अब फिल्म की वैश्विक यात्रा औपचारिक रूप से शुरू हो चुकी है। पूरी दुनिया की नजरें अब 24 जुलाई 2026 पर टिकी हैं, जब फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज होगा। इसके बाद ‘रामायणम्: पार्ट वन’दिवाली 2026 के अवसर पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।

