‘राजा शिवाजी एंथम: छत्रपति’ हुआ रिलीज़, अजय–अतुल की धुनों में गूंजा हिंदवी स्वराज्य का गौरव

मुंबई: Jio Studios और Mumbai Film Company की आगामी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का पहला एंथम ‘छत्रपति’ रिलीज़ हो गया है। यह फिल्म महान मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनकी विरासत पर आधारित है।

इस भव्य एंथम का संगीत प्रसिद्ध जोड़ी अजय–अतुल ने तैयार किया है, जबकि इसे अजय गोगावले ने अपनी दमदार आवाज़ में गाया है। गाने में 80 सिंगर्स का कोरस शामिल है, जो इसे और भी विशाल और प्रभावशाली बनाता है। ‘छत्रपति’ एंथम हिंदवी स्वराज्य के गर्व, साहस और आत्मसम्मान को भव्य अंदाज़ में प्रस्तुत करता है।

यह गीत केवल संगीत का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भावनाओं की गहराई भी समेटे हुए है। दमदार म्यूजिक, प्रभावशाली बोल और इमोशनल टोन इसे खास बनाते हैं। गाने में सिर्फ एक राजा की कहानी नहीं, बल्कि पूरे समाज के जागरण और स्वराज्य की नींव को भी दर्शाया गया है।

गाने की कोरियोग्राफी मशहूर डांसर-कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा ने की है। हर स्टेप म्यूजिक के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसमें लोगों का गर्व, एकता और अपने राजा के प्रति सम्मान स्पष्ट झलकता है।

संगीतकार अजय–अतुल ने इस एंथम को लेकर कहा, “यह सिर्फ एक बड़ा गाना नहीं है, बल्कि इसमें भावना, सच्चाई और सम्मान होना जरूरी था। हर सुर में गर्व के साथ जिम्मेदारी भी है। ऐसी विरासत पर काम करते समय पूरी ईमानदारी जरूरी होती है। अगर यह गाना लोगों के दिलों को छू जाए, तो वही हमारी सबसे बड़ी सफलता होगी।”

फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते, जिनिलीया देशमुख और रितेश देशमुख जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन भी रितेश देशमुख ने किया है।

ज्योति देशपांडे और जिनिलीया देशमुख द्वारा प्रोड्यूस की गई यह फिल्म 1 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में मराठी और हिंदी में रिलीज़ होगी।

‘राजा शिवाजी’ का ‘छत्रपति’ एंथम अब सभी प्रमुख म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।

Related posts