डिजिटल अरेस्ट स्कैम पर आधारित सीरीज में साइबर अपराध की दुनिया को दिखाया गया, प्रतीक सहजपाल ने परिवार और बुजुर्गों को जागरूक करने पर दिया जोर
नई दिल्ली: डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले भी लोगों के लिए बड़ी चिंता बनते जा रहे हैं। इसी गंभीर मुद्दे को दर्शाती वेब सीरीज ‘स्कैम 2024 – द डिजिटल अरेस्ट स्टोरी’ इन दिनों Story TV ऐप पर स्ट्रीम हो रही है। सीरीज में अभिनेता प्रतीक सहजपाल, विद्या मालवाडे और विनीत रैना अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
सीरीज में विद्या मालवाडे ने प्रिया शर्मा, प्रतीक सहजपाल ने विक्की मंडल और विनीत रैना ने राज ठाकुर का किरदार निभाया है। कहानी डिजिटल अरेस्ट स्कैम के अलग-अलग पहलुओं को सामने लाती है, जिसमें पीड़ित की मानसिक परेशानी से लेकर साइबर अपराधियों की साजिश और उनके खिलाफ लड़ाई तक को दिखाया गया है।
इस सीरीज का हिस्सा बनने और डिजिटल जागरूकता के महत्व पर बात करते हुए प्रतीक सहजपाल ने अपनी मां को लेकर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि हमारे माता-पिता पढ़े-लिखे हैं, लेकिन हो सकता है कि वे तकनीक के मामले में नई पीढ़ी जितने जानकार न हों।
प्रतीक ने कहा, “मुझे कभी-कभी चिंता होती है कि कहीं मेरी मां को कोई संदिग्ध लिंक न मिल जाए और वह उस पर क्लिक न कर दें, या उन्हें कोई वीडियो कॉल आए, जिससे वह डर जाएं। हमारे परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों के बीच जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है, ताकि वे समझ सकें कि उनके आसपास क्या हो रहा है और ऐसे जाल में फंसने से बच सकें।”
वहीं, विनीत रैना का किरदार राज ठाकुर एक निलंबित अधिकारी का है, जो साइबर अपराधियों के नेटवर्क के खिलाफ लड़ाई में शामिल होता है। दूसरी ओर, विक्की मंडल का किरदार साइबर ठगी के पीछे काम करने वाले मास्टरमाइंड की भूमिका को उजागर करता है।
यह सीरीज मनोरंजन के साथ लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने और अपने परिवार को जागरूक करने का संदेश भी देती है। ‘स्कैम 2024 – द डिजिटल अरेस्ट स्टोरी’ विशेष रूप से Story TV ऐप पर स्ट्रीम हो रही है।
