मुंबई,राजीव खंडेलवाल एक बार फिर अपने सहज और दिल छू लेने वाले अंदाज़ से दर्शकों का दिल जीतते नजर आए, जब उन्होंने रियलिटी शो ‘तुम हो ना’ के सेट पर एक प्रतियोगी के साथ बेहद प्यारा और हल्का-फुल्का पल साझा किया।
शो के दौरान एक मजेदार सेगमेंट के बीच प्रतियोगी प्राची गौतम ने अपनी विशलिस्ट का जिक्र करते हुए मुस्कुराते हुए कहा कि चूड़ियों को देखकर उनकी एक इच्छा और बढ़ गई है। उनके इस इशारे को तुरंत समझते हुए राजीव ने हंसते हुए जवाब दिया कि उन्हें चूड़ियाँ पहनाना नहीं आता।
लेकिन प्राची भी पीछे हटने वालों में से नहीं थीं। उन्होंने राजीव को उनका पुराना वादा याद दिलाया कि वह किसी बात के लिए मना नहीं करेंगे। माहौल पहले से ही हल्का-फुल्का और उत्साह से भरा हुआ था, ऐसे में राजीव ने भी खेल भावना दिखाते हुए हामी भर दी और कहा कि वह कोशिश जरूर करेंगे।
इसके बाद जो हुआ, वह सेट पर मौजूद सभी लोगों के लिए एक यादगार पल बन गया। राजीव ने पूरे ध्यान और सादगी के साथ प्राची को चूड़ियाँ पहनाने में मदद की। इस दौरान दर्शकों की तालियों और हंसी ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।
अपने खास अंदाज़ में हास्य का तड़का लगाते हुए राजीव ने मजाक में अपनी पत्नी का जिक्र करते हुए कहा, “ये… ये फोर्स कर रही है मंजिरी, मैं नहीं…”, जिससे पूरा सेट ठहाकों से गूंज उठा।
यह छोटा सा लेकिन दिल को छू लेने वाला पल न सिर्फ मनोरंजन से भरपूर था, बल्कि इसने यह भी दिखाया कि राजीव खंडेलवाल एक होस्ट के रूप में कितने सहज, मिलनसार और दर्शकों से जुड़े हुए हैं।
‘तुम हो ना’जैसे शो की यही खासियत है कि इसमें मस्ती, भावनाएं और इंसानी रिश्तों की गर्माहट एक साथ देखने को मिलती है, जो दर्शकों को गहराई से जोड़ती है।
