दिल्ली बनेगी सिनेमाई वंडरलैंड: इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली 2026 के भव्य आगाज़ की घोषणा

नई दिल्ली। राजधानी जल्द ही एक वैश्विक सिनेमाई उत्सव की साक्षी बनने जा रही है। दिल्ली सरकार ने दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) के माध्यम से 25–31 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 की औपचारिक घोषणा की। चाणक्यपुरी स्थित प्रतिष्ठित होटल The Leela Palace New Delhi में आयोजित इस भव्य संध्या में सरकार के वरिष्ठ नेता, फिल्म निर्माता, सांस्कृतिक क्यूरेटर और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में महोत्सव की परिकल्पना, प्रमुख कार्यक्रमों और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों का विस्तृत अनावरण किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह महोत्सव दिल्ली को वैश्विक सिनेमाई गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

उन्होंने कहा,“दिल्ली ने हमेशा संस्कृति को आकार दिया है। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली के माध्यम से हम एक ऐसा सार्वजनिक उत्सव तैयार कर रहे हैं, जो शहर के लोगों का है—यह केवल चुनिंदा लोगों के लिए नहीं, बल्कि सिनेमा का शहरव्यापी उत्सव है।”

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने जानकारी दी कि महोत्सव में 100 से अधिक देशों से 2,000 से ज्यादा प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। उन्होंने इसे भारतीय और वैश्विक सिनेमा का समावेशी मंच बताते हुए सांस्कृतिक विविधता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

आयोजकों के अनुसार महोत्सव में—
विश्व और भारतीय प्रीमियर
ऐतिहासिक स्थलों और मोहल्लों में सामुदायिक स्क्रीनिंग
मास्टरक्लास और प्रतिभा मंच
उद्योग गोलमेज बैठकें
शास्त्रीय और समकालीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

डीटीटीडीसी के एमडी एवं सीईओ सुनील अंचिपाका, आईएएस ने कहा कि आईएफएफडी केवल एक सप्ताह का आयोजन नहीं, बल्कि दिल्ली के लिए एक स्थायी सांस्कृतिक संस्था के निर्माण की शुरुआत है, जो हर वर्ष विस्तार पाएगी और फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देगी।

प्रख्यात फिल्म निर्माता राकेश ओमप्रकाश मेहरा, जो महोत्सव निदेशक की भूमिका निभा रहे हैं, ने कहा कि आईएफएफडी युवाओं को स्वयं को चुनौती देने और वैश्विक मंच पर पहचान बनाने का अवसर देगा।

उन्होंने कहा कि यह महोत्सव दिल्ली की कहानियों को उसके मोहल्लों से विश्व मंच तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।

अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने कहा कि दिल्ली की गलियां उनके व्यक्तित्व का हिस्सा हैं और यह महोत्सव उन कहानियों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाएगा।

अभिनेत्री निम्रत कौर ने अपने दिल्ली से जुड़े अनुभव साझा करते हुए कहा कि सिनेमा भावनाओं को सीमाओं के पार पहुंचाने की ताकत रखता है, और आईएफएफडी स्थानीय आवाज़ों को वैश्विक मंच देगा।

अभिनेता अर्जुन कपूर ने कहा कि दिल्ली की विविधता और ऊर्जा इसे कहानियों का खजाना बनाती है, और आईएफएफडी इस समग्र पहचान को सामने लाने का माध्यम बनेगा।

इस भव्य आयोजन का संचालन Wizcraft Entertainment Group द्वारा किया जा रहा है, जो बड़े पैमाने के सांस्कृतिक आयोजनों के लिए जाना जाता है।

सह-संस्थापक सब्बास जोसेफ ने कहा कि यह पहल केवल एक महोत्सव नहीं, बल्कि एक वैश्विक सांस्कृतिक मंच की स्थापना है।

महोत्सव का स्वामित्व और आयोजनDelhi Tourism and Transportation Development Corporation (डीटीटीडीसी), दिल्ली सरकार द्वारा किया जा रहा है, जबकि केपीएमजी ज्ञान साझेदार के रूप में जुड़ा है।

आयोजकों ने स्पष्ट किया कि आईएफएफडी का उद्देश्य केवल फिल्मों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि दिल्ली को फिल्म निर्माण, प्रोडक्शन हाउस और सांस्कृतिक पर्यटन के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाना है।

संदेश साफ है—दिल्ली अब केवल राजनीति और इतिहास की राजधानी नहीं, बल्कि सिनेमा की भी नई राजधानी बनने की ओर अग्रसर है।

Related posts