CASH…M…KASH का पोस्टर लॉन्च, विजय गोयल और कपिल मिश्रा ने की सराहना

नई दिल्ली नई दिल्ली में एंटीमैटर फिल्म्स और इमेजेज़ इंटरनेशनल की बहुप्रतीक्षित सामाजिक थ्रिलर CASH…M…KASH का भव्य पोस्टर लॉन्च और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई। इस मौके पर मुख्य अतिथि रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गांधी स्मृति और गांधी दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा उपस्थित थे।

विजय गोयल ने कहा कि महात्मा गांधी के मूल्यों को सही रूप में आज की पीढ़ी तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा,“गांधी जी सिर्फ नोटों पर तस्वीर बनकर रह गए हैं। लोग उनके असली स्वरूप और उनके मार्ग को भूल चुके हैं। त्याग और बलिदान ही गांधी जी का वास्तविक संदेश था, और यही आज की पीढ़ी को सिखाने की आवश्यकता है।”

उन्होंने कहा कि गांधी जी का चरखा सिर्फ कपड़ा कातने का साधन नहीं था बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन का प्रतीक था। इसी सोच को फिल्म में एक कथानक के रूप में शामिल किया गया है। गोयल ने यह भी सवाल उठाया कि अगर माता-पिता और गुरुजन स्वयं भौतिक आकर्षण में उलझे रहेंगे तो बच्चों तक सही मूल्य कौन पहुँचाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि फिल्मों का समाज की सोच और राष्ट्रीय भावना पर गहरा प्रभाव होता है। उन्होंने कहा,“आज जब फिल्में अक्सर सिर्फ व्यवसायिक सफलता पर केंद्रित होती हैं, ऐसे समय में गांधी जी के सिद्धांतों को केंद्र में रखकर फिल्म बनाना साहसिक और प्रेरणादायक है। गांधी जी के विचार सनातन धर्म की आत्मा को दर्शाते हैं और आधुनिक राजनीति के लिए भी समयातीत संदेश देते हैं।”

उन्होंने पूरी टीम को बधाई दी और विश्वास जताया कि यह फिल्म व्यावसायिक लाभ से आगे जाकर समाज में एक नई बहस को जन्म देगी।

निर्देशक अजीत सिन्हा ने बताया कि फिल्म की सबसे बड़ी विशेषता गांधी के चरखे का इस्तेमाल एक नैरेटिव डिवाइस के रूप में किया जाना है। फिल्म का आरंभ किसी पात्र से नहीं बल्कि चरखे की आवाज़ से होता है, जो कहता है:

“मैंने उस क्रांति को वस्त्र पहनाए, जिसने साम्राज्य को गिरा दिया। आज मैं ड्राइंग रूम में धूल खा रहा हूँ। बच्चे गांधी को सिर्फ नोटों पर पहचानते हैं, राष्ट्र के अंतःकरण के रूप में नहीं। मैंने ईमानदारी को लालच में डूबते देखा है… और अब मैं तुम्हें दिखाऊँगा जो मैंने देखा।”

फिल्म का लेखन राज वर्मा ने किया है और इसके निर्माता वीरेन्द्र भल्ला, शाहरोज़ अली खान, अजीत सिन्हा और रागिनी गुंजन हैं। फिल्म की स्टार कास्ट में अहम शर्मा, सई ताम्हणकर, आदर्श बारिक, पल्लवी सिंह, गोविंद पांडे, दुर्गेश कुमार, यश, सिद्धांत गोयल और रून टेम्टे जैसे कलाकार शामिल हैं।

संगीत विपिन पटवा का है और गीतकार डॉ. सागर हैं। कार्यक्रम में मौजूद अभिनेता राजपाल यादव ने भी गांधी जी की शिक्षाओं पर विचार साझा किए और फिल्म के लिए शुभकामनाएँ दीं।

CASH…M…KASH को वर्ष 2026 में विश्वभर में रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म न सिर्फ एक रोमांचक थ्रिलर का अनुभव देगी बल्कि दर्शकों को गांधी जी के आदर्शों और आज के समाज में बढ़ते लालच के बीच गहन आत्ममंथन करने पर मजबूर करेगी।

Related posts