मास्टरशेफ इंडिया एक बार फिर भारत की विविधता और समृद्ध परंपराओं का जश्न मनाते हुए दर्शकों के दिलों को छू रहा है। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर शो ने हार्वेस्ट स्पेशल एपिसोड के जरिए देशभर में मनाए जाने वाले फसल उत्सवों को खूबसूरती से प्रस्तुत किया। पोंगल, मकर संक्रांति, लोहड़ी और माघ बिहू जैसे पर्व इस विशेष एपिसोड में भारत की साझा सांस्कृतिक आत्मा का जीवंत प्रतिबिंब बनकर उभरे।
इस खास मौके पर मास्टरशेफ इंडिया के किचन में फेस्टिव एलिगेंस और गर्मजोशी जोड़ते हुए शिल्पा शेट्टी की शानदार मौजूदगी ने एपिसोड को और भी खास बना दिया। उनकी उपस्थिति ने न सिर्फ माहौल को उत्सवमय बनाया, बल्कि इस एपिसोड को भावनाओं, भक्ति और भारतीय विरासत को समर्पित एक दिल से दिया गया ट्रिब्यूट बना दिया।
फसल के मौसम की भावना को शब्दों में पिरोते हुए शिल्पा शेट्टी ने कहा,“इस समय पूरा भारत फसल और त्योहारों के रंगों में डूबा हुआ है। कभी पोंगल, कभी संक्रांति, कभी बिहू, तो कभी लोहड़ी। नाम अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन मकसद एक ही है—खुशी।”
हार्वेस्ट स्पेशल एपिसोड का हिस्सा बनने के अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने आगे कहा,“मास्टरशेफ इंडिया का यह हार्वेस्ट स्पेशल मेरे लिए बेहद खास रहा। हर डिश ने अपनी एक अलग कहानी कही, हर स्वाद ने हमारी समृद्ध पाक परंपराओं को सम्मान दिया और साथ मिलकर यह भारतीय प्रतिभा का उत्सव बन गया, जो आत्मविश्वास, रचनात्मकता और निडरता के साथ वैश्विक मंच पर आगे बढ़ रही है।”
मास्टरशेफ इंडिया का यह हार्वेस्ट स्पेशल एपिसोड केवल एक कुकिंग शो नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक समृद्धि और एकता का उत्सव है—जहाँ परंपराएँ आधुनिक महत्वाकांक्षाओं से मिलती हैं और देश एकजुट होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ता नजर आता है।
