नई दिल्ली,डिस्लेक्सिया जागरूकता माह के समापन के अवसर पर ऐतिहासिक लाल किले में शॉर्ट फिल्म ‘What Is Dyslexia?’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इसका उद्देश्य डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इससे जुड़े बच्चों एवं व्यक्तियों की विशेष क्षमताओं को पहचानने का संदेश देना था।
J.K. Cement Ltd. की परोपकारी शाखा JKC Foundation की पहल ब्रिलियंटली डिस्लेक्सिक ने Orkids Foundation के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। Made By Dyslexia द्वारा निर्मित इस फिल्म को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में प्रदर्शित किया गया।
यह स्क्रीनिंग लाल किले के साउंड एंड लाइट शो के दौरान हुई, जिसे Dalmia Bharat ने Sabhyata Foundation के साथ मिलकर विकसित किया है।
कार्यक्रम में ब्रिलियंटली डिस्लेक्सिक के संस्थापक डॉ. राघवपत सिंघानिया, श्रीमती सोनम सिंघानिया और Orkids Foundation की संस्थापक डॉ. गीत ओबेरॉय सहित कई शिक्षाविद एवं अभिभावक मौजूद रहे।
डॉ. राघवपत सिंघानिया ने कहा कि समावेशी समाज के निर्माण के लिए डिस्लेक्सिया को सही तरीके से समझना जरूरी है। वहीं, Made By Dyslexia की संस्थापक केट ग्रिग्स ने कहा कि लाल किले में फिल्म का प्रदर्शन खुशी की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म बच्चों, परिवारों और शिक्षकों को डिस्लेक्सिया को नए नजरिए से समझने के लिए प्रेरित करेगी।
