सेफ खेलने का अब कोई चांस नहीं; 6 सितंबर से JioHotstar और COLORS पर होगा ग्रैंड प्रीमियर
भारतीय टेलीविजन के सबसे चर्चित और लोकप्रिय रियलिटी शो बिग बॉस हिंदी के 20वें सीज़न को लेकर उत्साह बढ़ गया है। JioHotstar और COLORS ने बुधवार को बिग बॉस हिंदी सीज़न 20 का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया, जिसमें शो के होस्ट सलमान खान ने इस सीज़न के सबसे बड़े और अनोखे ट्विस्ट ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ से पर्दा उठाया।
ट्रेलर ने साफ संकेत दे दिया है कि इस बार बिग बॉस के घर में सिर्फ गेम ही नहीं, बल्कि गेम खेलने का तरीका भी पूरी तरह बदलने वाला है। बड़े रिस्क, बेबाक रणनीतियों और पहले से कहीं ज्यादा हाई स्टेक्स के साथ शो का यह ऐतिहासिक 20वां सीज़न दर्शकों के लिए कई नए सरप्राइज लेकर आने वाला है।
ट्रेलर की शुरुआत दो योद्धाओं के बीच एक जबरदस्त मुकाबले से होती है। इसी दौरान सलमान खान की दमदार एंट्री होती है और वह इस जंग को अचानक रोक देते हैं। इसके बाद अपने खास अंदाज़ में सलमान कहते हैं,“बिग बॉस में मिलेगा, मेरी जान… एक्स्ट्रा जीवनदान,” और फिर “तथास्-टू!” कहते हुए इस सीज़न के सबसे बड़े ट्विस्ट का खुलासा करते हैं।
‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ का कॉन्सेप्ट इस ओर इशारा करता है कि इस बार घर के अंदर हर फैसला बेहद अहम साबित होगा। कंटेस्टेंट्स को एक अतिरिक्त मौका जरूर मिलेगा, लेकिन यह जीवनदान कब, कैसे और किस परिस्थिति में काम आएगा, यह फिलहाल शो का सबसे बड़ा रहस्य बना हुआ है।
हालांकि इतना तय है कि इस सीज़न में सेफ गेम खेलने वालों के लिए कोई जगह नहीं होगी। हर खिलाड़ी को परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना होगा, रिस्क लेने होंगे और ऐसे फैसले करने होंगे, जो उनके पूरे सफर की दिशा बदल सकते हैं।
बिग बॉस हिंदी के 20वें सीज़न के ऐतिहासिक पड़ाव पर बात करते हुए जियोस्टार के हिंदी एवं इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिज़नेस के हेड आलोक जैन ने कहा कि किसी भी एंटरटेनमेंट फ्रैंचाइज़ी के लिए 20 सीज़न पूरे करना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बिग बॉस हिंदी ने हर सीज़न के साथ खुद को लगातार विकसित किया है और इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर शो के गेमप्ले को नए अंदाज़ में पेश करने की कोशिश की गई है।
उनके अनुसार, सीज़न 20 में गेमप्ले की नई परतें जोड़ी गई हैं, जो कंटेस्टेंट्स को अपनी रणनीतियों पर दोबारा सोचने और घर के अंदर नई संभावनाएं तलाशने के लिए मजबूर करेंगी। ट्रेलर इस बदलते हुए गेम की सिर्फ पहली झलक है और आगे दर्शकों को कई नए एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे।
वहीं, नए थीम को लेकर सलमान खान ने कहा, “बिग बॉस में हर साल गेम बदलता है। इस बार सिर्फ गेम नहीं, खेलने का तरीका भी बदलने वाला है। ‘जीवनदान’ सुनने में जितना सीधा लगता है, उतना है नहीं। बाकी, घर के अंदर पता चल ही जाएगा।”
20वें सीज़न के साथ बिग बॉस एक बार फिर दर्शकों को ड्रामा, रणनीति, दोस्ती, दुश्मनी, भावनाओं और अप्रत्याशित ट्विस्ट से भरा मनोरंजन देने के लिए तैयार है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि कौन-सा खिलाड़ी अपने ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ का सही समय पर इस्तेमाल कर गेम में अपनी किस्मत पलटेगा।
गेम बदल चुका है और अब देखना दिलचस्प होगा कि बिग बॉस के घर में कौन जोखिम उठाकर बाजी अपने नाम करता है।
